Latest News

माघ माह की पूर्णिमा आज, जानिए शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के उपाय

NEEMUCH HEADLINES February 16, 2022, 7:32 am Technology

आज 16 फरवरी, बुधवार को माघ महीने की पूर्णिमा तिथि है। जिसे माघी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। सनातन धर्म में पूर्णिमा और अमावस्या का विशेष महत्व होता है।

हिंदू पंचांग के अनुसार हर महीने पूर्णिमा और अमावस्या तिथि आती है। लेकिन कुछ महीने की पूर्णिमा बहुत ही खास मानी गई है। जिसमें माघ पूर्णिमा का स्थान आता है। माघी पूर्णिमा तिथि पर व्रत, स्नान, दान और जप करने का विशेष महत्व होता है।

आइए जानते हैं माघी पूर्णिमा का महत्व, तिथि और पूजन विधि के बारे में विस्तार से

माघ पूर्णिमा 2022 का शुभ मुहूर्त :-

पंचांग के अनुसार हर वर्ष माघ पूर्णिमा माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 15 फरवरी को रात 09 बजकर 45 मिनट से प्रारंभ होगी जिसकी समाप्ति 16 फरवरी को रात 10 बजकर 28 मिनट पर होगी। ऐसे में माघ पूर्णिमा 16 फरवरी, बुधवार को मनाई जाएगी। माघी पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और उपवास रखकर किया जाता है।

माघ पूर्णिमा पर शुभ संयोग का निर्माण :-

इस वर्ष माघ पूर्णिमा पर बहुत ही शुभ संयोग बन रहा है। माघ पूर्णिमा की तिथि 16 फरवरी को सुबह से लेकर रात के 10 बजकर 28 मिनट तक रहेगी जिसमें स्नान, दान और पूजा-पाठ के लिए विशेष शुभ फलदायी रहेगा। इसके अलावा पूर्णिमा तिथि पर चंद्रमा अपनी स्वयं की राशि यानी कर्क में मौजूद रहेंगे। अश्लेषा नक्षत्र के साथ युति करते हुए शोभन योग बनेगा। यह योग ज्योतिष शास्त्र में बहुत ही शुभ माना गया है। इस शुभ योग में किया गया दान-पुण्य और पूजा- पाठ विशेष फलदायी होता है।

माघ पूर्णिमा पर करें ये उपाय :-

शास्त्रों के अनुसार पूर्णिमा तिथि धन की देवी मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए सबसे अच्छी मानी गई है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा पाठ करने से जीवन में धन दौलत, सुख-समृद्धि और ऐशोआराम की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं माघी पूर्णिमा तिथि पर कौन से उपाय किया जाता है।

1. माघी पूर्णिमा तिथि पर जल्दी से उठकर स्नान करें। फिर साफ कपड़े पहनकर पीपल के पेड़ को जल अर्पित करें और सूर्य देव को जल देते हुए मां लक्ष्मी का आवहन करें।

2. पूर्णिमा तिथि पर मां लक्ष्मी का आगमन आपके घर में हो इसके लिए पूर्णिमा तिथि पर स्नान के बाद तुलसी के पौधे को जल जरूर अर्पित करें। शाम के समय तुलसी के पौधे के समक्ष घी का दीपक जलाएं इससे आपकी हर तरह की मनोकामनाएं पूरी होंगी।

3. आर्थिक तंगी से छुटकारा पाने के लिए माघ पूर्णिमा के दिन देवी लक्ष्मी को 11 कौड़ियां जरूर अर्पित करें।

4. माघी पूर्णिमा की तिथि पर देवी लक्ष्मी की पूजा करते समय उनके मंत्रों का जाप अवश्य करें।

Related Post