मल्हारगढ़। मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम मुन्देडी में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का शनिवार को विधिवत अनावरण किया गया। विशेष बात यह रही कि प्रतिमा का अनावरण गांव की पांच बालिकाओं द्वारा सामूहिक रूप से किया गया, जिससे कार्यक्रम में नारी शक्ति का सम्मान भी झलका।
अनावरण के उपरांत ग्रामवासियों द्वारा एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए सभा स्थल तक पहुंची। ढोल-ढमाके और बैंड-बाजों के साथ निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं व बच्चे शामिल रहे। रास्ते भर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। सभा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब जन्मोत्सव समिति के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन और नेतृत्व कन्हैयालाल ररोतीया, विष्णु ररोतीया तथा शिक्षक किशनलाल चौहान ने किया। समिति पदाधिकारियों ने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के जीवन दर्शन और उनके संविधान निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। पूरा आयोजन उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना रहा।