Latest News

राजस्थान सहित कई राज्यों में शीतलहर का कहर, हिमाचल में हिमपात का अलर्ट अगले दो दिन और बढ़ेगी ठंड

Neemuch headlines January 7, 2024, 9:41 am Technology

नई दिल्ली। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान, हरियाणा, और पंजाब के कई स्थानों पर ठंड से सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही जबकि दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति रही। शीतलहर की वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ 8 जनवरी से पश्चिमोत्तर भारत पर असर डाल सकता है।

कैसा है दिल्ली का मौसम:-

-दिल्ली में शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री सेल्सियस कम है। शहर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। कोहरे के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हिमाचल में हिमपात की चेतावनी शिमला मौसम विज्ञान कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश में 9 और 10 जनवरी को वर्षा एवं हिमपात की संभावना का शनिवार को अनुमान व्यक्त किया। मौसम कार्यालय ने रविवार को मंडी, बिलासपुर, उना, कांगड़ा, सिरमौर (पोंटा साहिब और धौलाकुंआ) और सोलन (बड्डी एवं नालागढ़) में सुबह के वक्त घना कोहरा छाये रहने की भी चेतावनी दी है। राज्य में लाहौल एवं स्पीति में कुकुमसेरी सबसे ठंडी जगह रही जहां रात का तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी: -

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी व कोहरे का दौर जारी है और बीते चौबीस घंटे में कई जगह शीत लहर का प्रकोप देखा गया। सीकर, सिरोही, गंगानगर, जैसलमेर, जयपुर और चित्तौड़गढ़ में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राज्य में 8 जनवरी को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज के साथ छींटे और बारिश होने का अनुमान है।

कैसा रहेगा अगले 2 दिन मौसम: -

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 2 दिनों तक शीत दिवस से लेकर गंभीर शीत दिवस की स्थिति जारी रहने की संभावना है। इसके बाद ठंड कम होनी शुरू हो जाएगी। अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा रहेगा और उसके बाद इसमें धीरे- धीरे कमी आएगी।

Related Post