मामा ने उतारी लाड़ली बहनों की आरती, खातों में जमा हुए 1600 करोड़

neemuch headlines October 4, 2023, 5:50 pm Technology

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की पात्र महिलाओं के खाते में लगभग 1600 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इस शिवराज ने लाड़ली बहनों की आरती भी उतारी। चौहान ने यहां आयोजित 'लाड़ली बहना सम्मेलन' में 1.31 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में बढ़ी हुई राशि 1250 रुपए अंतरित की। इस प्रकार उन्होंने 1.31 करोड़ महिलाओं के खाते में 1 हजार 597 करोड़ रुपए की राशि वितरित की। समारोह में चौहान ने क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सिंधी भाइयों की दुकानों के लिए निविदा निकाल दी गई गई है।

जली दुकानों के बदले उनको दुकानें दी जाएंगी। जो पैसा कम पड़ेगा उसको सरकार भरवाएगी। केले के लिए फसल बीमा सुनिश्चित कर दी जाएगी, ताकि किसान भाइयों को कोई दिक्कत न हो । ताप्ती मेगा रिचार्ज योजनाओं को भी मूर्त रूप दिया जाएगा, ताकि पानी की कमी न रहे। अपने संबोधन में चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर चुनाव में बहनों को आरक्षण दिया गया, ताकि आधी सीटों पर केवल बहनें चुनाव लड़ें। साथ ही अब पुलिस की नौकरी में 35 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। सरकार सीएम राइज स्कूल बना रही है, जहां निजी स्कूलों से अच्छी पढ़ाई होगी। एक-एक स्कूल की बिल्डिंग 38-38 करोड़ की है। यह स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। उन्होंने कार्यक्रम में 397 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकासकार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। आउट ऑफ टर्न प्रमोशन आधिकारिक जानकारी के अनुसार नक्सलियों को धराशायी करने वाले 22 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिलेगा। इन 22 पुलिसकर्मियों ने खूंखार और 14-14 लाख के इनामी नक्सलियों को ढेर किया था। प्रमोशन पाने वाले 22 पुलिसकर्मियों में 8 आरक्षक से प्रधान आरक्षक, 10 प्रधान आरक्षक से सहायक उपनिरीक्षक, 3 सहायक उप निरीक्षक से उपनिरीक्षक और एक उपनिरीक्षक से निरीक्षक बनेंगे। पिछले एक साल में प्रदेश में 50 लाख रुपए के 5 इनामी नक्सली ढेर किए गए हैं। पिछले 3 वर्षों में 1 करोड़ 42 लाख रुपए के 8 इनामी नक्सली मारे गए।

साथ ही प्रदेश में एक आतंकी गुट के मॉड्यूल को ध्वस्त कर चार विदेशी आतंकी गिरफ्तार किए गए हैं। आतंकवादी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के 25 से अधिक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हिज्ब उत तहरीर (एचयूटी) से जुड़े 11 सदस्य भी राज्य में गिरफ्तार किए गए हैं। मुख्यमंत्री चौहान बालाघाट में पुलिसकर्मियों के 'आउट ऑफ टर्न' प्रमोशन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Related Post